चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- चंडीगढ़ कांग्रेस के पार्षदों की एक अहम प्री-हाउस बैठक मंगलवार को प्रदेश पार्टी अध्यक्ष एच.एस. लकी के निवास पर हुई। बैठक में कल होने वाली नगर निगम सदन की बैठक को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गयी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर निगम में कथित 116 करोड़ रुपये के घोटाले को कांग्रेस जोरदार तरीके से सदन में उठाएगी। पार्षदों ने सवाल उठाया कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितता हुई और इसकी जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिली। कांग्रेस ने इसे जनता के धन की खुली लूट बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
इसके साथ ही हाउसिंग बोर्ड के मकानों में हाल ही में की जा रही तोड़फोड़ पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गयी। पार्षदों ने निर्णय लिया कि इस मुद्दे पर सदन में कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई रोकने की मांग की जाएगी।
बैठक में शहरवासियों पर बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पार्षदों का कहना था कि निजी कंपनियों के हाथों में बिजली वितरण जाने के बाद बिलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता परेशान है। कांग्रेस ने इसे जनविरोधी बताते हुए राहत देने की मांग उठाने का फैसला किया।
इसके साथ ही शहर की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी भाजपा शासित नगर निगम को घेरा गया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के अंत में सभी पार्षदों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे शहर के हर ज्वलंत मुद्दे को मजबूती सेसदन में उठाएंगे और जनता के हितों की आवाज बुलंद करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित