चंडीगढ़ , अगस्त 26 -- चंडीगढ़ में कांग्रेस की ओर से सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में चीनी का लंगर लगाया गया। यहां लोगों को एक-एक किलो के पैकेट में मुफ्त चीनी वितरित की जा रही है। चीनी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि कांग्रेस की ओर से कुल 25 टन चीनी बांटने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौके पर 15 बैग चीनी लाई गई है, जिनमें एक-एक किलो के करीब 750 पैकेट हैं। कुल 50 बैग चीनी वितरित करने की योजना है।
श्री लक्की ने कहा कि पिछले कुछ समय में कई जगह चीनी के दाम में 15 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद से महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल से लेकर रोजमर्रा की खाने-पीने की वस्तुओं तक के दाम बढ़े हैं और सरकार की नीतियों का बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि चीनी लगभग हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है। इसके बढ़ते दामों के विरोध में लोगों को मुफ्त चीनी वितरित कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित