चंडीगढ़ , सितंबर 13 -- चंडीगढ़ रविवार को एनडीए परीक्षा देने पहुंचे चार छात्रों को महज पांच मिनट की देरी भारी पड़ गई। परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने के बाद छात्रों ने अंदर प्रवेश की काफी कोशिश की लेकिन उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिली। छात्रों ने नोडल अधिकारी से भी बात की, लेकिन नियमों के चलते कोई समाधान नहीं निकल सका।
मामला सेक्टर-47 स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। छात्रों के मुताबिक परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होनी थी, जबकि केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित था। चारों छात्र करीब 9:35 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे। उस समय गेट बंद हो चुके थे। उन्होंने कर्मचारियों से प्रवेश देने की अपील की, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने नोडल अधिकारी के सामने भी अपनी स्थिति रखी, लेकिन नियमों के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। उनका कहना है कि एनडीए परीक्षा साल में सीमित अवसरों पर आयोजित होती है। ऐसे में महज पांच मिनट की देरी के कारण उनका पूरा प्रयास बेकार हो गया। अब उन्हें अगली परीक्षा के लिए अप्रैल तक इंतजार करना पड़ सकता है, जिससे करीब छह महीने का नुकसान होगा।
एनडीए परीक्षा के लिए हरियाणा के डबवाली से चंडीगढ़ आए एक परिवार को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवार अपने बच्चे को सेक्टर-11 स्थित कॉलेज में परीक्षा दिलाने पहुंचा था। बच्चे को परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराने के बाद परिवार के सदस्य कार को सड़क किनारे खड़ा करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की बस से टक्कर हो गई।
कार चालक नरेंद्र ने आरोप लगाया कि जी चौक के पास बस चालक ने अचानक सड़क के बीच में बस रोक दी, जिससे उनकी कार बस से टकरा गई। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। नरेंद्र का आरोप है कि बस चालक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित