चंडीगढ़ , जुलाई 26 -- चंडीगढ़ के मौलीजागरां इलाके में एक युवक ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले में मृतक मोनू (33) के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी और एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार मोनू की करीब आठ वर्ष पहले कोमल से शादी हुई थी। दंपति की छह वर्षीय बेटी है। पत्नी घर पर ट्यूशन पढ़ाती थी, जहां कई छात्र पढ़ने आते थे।

मृतक के भाई कपिल का आरोप है कि परिवार को करीब सात सप्ताह पहले पता चला कि कोमल के अपने ही एक छात्र सन्नी (20) के साथ संबंध हैं। इस बात को लेकर परिवार ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी ने कथित तौर पर संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया और तलाक लेने की बात कही।

परिजनों का आरोप है कि लगातार विवाद के बाद करीब एक सप्ताह पहले कोमल अपनी बेटी और सामान लेकर मायके चली गई। इसके बाद मोनू मानसिक तनाव में रहने लगा।

शाम को मृतक का छोटा भाई जब घर पहुंचा तो उसने दूसरी मंजिल पर कमरे में मोनू को फंदे से लटका हुआ पाया। परिजन उसे तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम और प्रारंभिक जांच के बाद मौलीजागरां थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी कोमल और युवक सन्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए हैं। परिजनों का दावा है कि एक वीडियो में पत्नी अपने छात्र के साथ रहने और पति से तलाक लेने की बात कह रही है, जबकि दूसरे वीडियो में मृतक पत्नी के घर छोड़ने के बाद मानसिक रूप से परेशान और रोता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित