चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-22 में पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-34 में कथित तौर पर आरोपी सौरव की पिटाई की गई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। इसी बात को लेकर दोनों नाबालिगों के बीच रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पिटाई का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में सवार होकर सेक्टर-34 से सेक्टर-22 स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवक उनका पीछा करने लगे। घर के पास पहुंचने पर नैतिक को खतरे का अंदेशा हुआ और उसने ऑटो चालक से गाड़ी तेज चलाने को कहा। इसी बीच पीछा कर रहे नाबालिग ने ऑटो पर तीन गोलियां चला दीं।
फायरिंग के दौरान एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे को चीरते हुए ऑटो के आगे के शीशे से निकल गई, जबकि दूसरी गोली नैतिक की छाती में लगी। गोली लगने से नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल ऑटो चालक का जीएमएसएच-16 में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित