चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- पंजाब एवं हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में एक अप्रैल से लोगों की जेब पर महंगाई का असर साफ दिखने लगा है। प्रशासन के नए फैसलों के तहत प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री, बिजली-पानी के बिल, कूड़ा उठाने की फीस और शराब सब कुछ महंगा हो गया है।
आज से बिजली दरों में बढ़ोतरी से करीब 2.35 लाख उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, वहीं पानी के रेट बढ़ने से 1.85 लाख लोगों को ज्यादा बिल चुकाना होगा। इस बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सेक्टर-35 में प्रदर्शन का एलान किया है।
प्रशासन ने सर्कल रेट में 10 से 22 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है, जिससे प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो गया है। सेक्टर-1 से 12 में रिहायशी जमीन का रेट बढ़ाकर 2.37 लाख रुपये प्रति वर्ग गज कर दिया गया है, जो पहले 1.78 लाख रुपये था। सेक्टर-14 से 37 में यह 1.81 लाख और सेक्टर-38 व उससे आगे 1.33 लाख रुपये प्रति वर्ग गज तय किया गया है।
फ्लैट्स के लिए भी नई दरें लागू की गई हैं - ग्राउंड फ्लोर पर 11 हजार रुपये प्रति वर्ग फुट, पहली मंजिल 9 हजार, दूसरी 8 हजार और ऊपरी मंजिलों के लिए 7,200 रुपये प्रति वर्ग फुट तय किया गया है। इंडस्ट्रियल हाउस के लिए भी अलग-अलग मंजिलों पर नई दरें लागू की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित