चंडीगढ़ , अप्रैल 22 -- पंजाब एवं हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एक बड़े अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार को प्रेस वार्ता करके पूरी जानकारी दी। पुलिस की एसपी ऑपरेशन सेल गीतांजलि खंडवाल ने बताया की विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 14 पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए हैं।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ट्राई-सिटी क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न गैंगों को हथियार सप्लाई करते थे। ये हथियार मुख्य रूप से मुरादाबाद और मध्य प्रदेश से लाए जाते थे और शहर में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे जाते थे।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वांछित अपराधी मुकेश गोहाना एलियस गुल्लु को भी गिरफ्तार किया। सेक्टर-25 में पुलिस टीम को देखते ही उसने गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसे घायल कर काबू किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि यह ऑपरेशन शहर में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा प्रहार है और आगे भी ऐसी मुहिम जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित