चंडीगढ़ , अगस्त 12 -- चंडीगढ़ शहर में सेक्टर-8 स्थित मंदिर के बाहर इन दिनों अनोखा लंगर चर्चा का विषय बना हुआ है। अमृतसर निवासी 'राजा जी द किंग' की ओर से लगाए गए इस लंगर में लोगों को पैसे के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी बांटी गई। लंगर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे मौके पर कई कतारें लग गईं।
राजा जी द किंग के अनुसार, वह लंबे समय से इस तरह के लंगर लगाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें माता रानी की ओर से लंगर लगाने का हुक्म मिलता है और वह अपनी कमाई का एक हिस्सा जरूरतमंदों में बांटते हैं। उन्होंने बताया कि वह क्रिप्टो कारोबार से जुड़े हैं और वर्ष 2025 से चंडीगढ़ में भी लंगर लगा रहे हैं। इससे पहले वह मनीमाजरा में पेट्रोल का लंगर लगाने का दावा कर चुके हैं।
पैसों के लंगर के लिए कूपन की व्यवस्था की गई थी। उनके मुताबिक, कूपन वाले लोगों को ही पैसे दिए जाते हैं, ताकि कोई व्यक्ति बार-बार पैसे न ले सके और ज्यादा लोगों तक मदद पहुंच सके। हालांकि, भीड़ के कारण कुछ समय के लिए व्यवस्था बिगड़ती नजर आई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित