चंडीगढ़ , सितंबर 07 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-35 स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की संगठनात्मक एवं चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा विशेष रूप से शामिल हुईं।
बैठक में नगर निगम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए महिला कांग्रेस को बूथ से वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए गए। निर्णय लिया गया कि चंडीगढ़ के प्रत्येक बूथ पर महिला कांग्रेस की मजबूत टीम तैयार की जाएगी तथा सभी 35 वार्डों में कम से कम दो-दो सक्षम महिला संभावित उम्मीदवार तैयार किए जाएंगे।
श्री लक्की ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव चंडीगढ़ के भविष्य का चुनाव होगा। उन्होंने भाजपा पर शहर में आर्थिक बोझ बढ़ाने, टैक्स एवं शुल्क में वृद्धि, कमजोर नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक अव्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पानी, सफाई, सड़क, पार्क, स्ट्रीट लाइट, प्रॉपर्टी टैक्स, पार्किंग, कचरा प्रबंधन और नगर निगम की वित्तीय स्थिति जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा अब हमें केवल चुनाव लड़ने की नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की तैयारी करनी है। हर बूथ पर महिला कार्यकर्ता सक्रिय हों और हर वार्ड में मजबूत महिला नेतृत्व खड़ा हो।
सुश्री लांबा ने कहा कि महिलाएं केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि नेतृत्व और निर्णय लेने की शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे टिकट का इंतजार करने के बजाय टिकट की मजबूत दावेदार बनें और अभी से अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क बढ़ाएं।
बैठक में डॉ. साक्षी चौधरी, प्रभारी चंडीगढ़ महिला कांग्रेस, पार्षद तरुण मेहता, पार्षद प्रेमलता सहित महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्रियां, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सभी 35 वार्डों और बूथों पर संगठन मजबूत कर चुनाव में कांग्रेस को मजबूत विकल्प बनाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित