चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- चंडीगढ़ प्रशासन का खेल विभाग, माय भारत केंद्र के सहयोग से लौह पुरुष और राष्ट्र निर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय 'सरदारएट150 एकता पदयात्रा' का आयोजन कर रहा है, जिसमें पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार आठ किलोमीटर लंबी यह एकता पदयात्रा प्रातः 6:30 बजे सुखना झील से आरंभ होगी, जो उत्तर मार्ग, जन मार्ग और विज्ञान मार्ग से होती हुई पुनः सुखना झील पर संपन्न होगी।

इस आयोजन का उद्देश्य 'एक भारत, आत्मनिर्भर भारत' की भावना का उत्सव मनाना है, जिससे राष्ट्रीय एकता, आत्मनिर्भरता और गौरव की भावना को सशक्त किया जा सके।

यह पदयात्रा एक स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश भी देती है और नागरिकों को स्वदेशी एवं स्वावलंबन के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित