चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पुलिस ने असामाजिक तत्व के खिलाफ चलाए विशेष अभियान के तहत लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो लोगों को पकड़कर मोटरसाइकिल, चाकू, नकदी, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंडीगढ़ कंवरदीप कौर के निर्देशों पर स्पेशल पुलिस अधीक्षक सिटी केएम प्रियंका और उप-मंडल पुलिस अधिकारी दक्षिण गुरजीत कौर की देखरेख में सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने सौरभ उर्फ काली पुत्र रघबीर सिंह, निवासी मकान नंबर 1259, फेज-2 रामदरबार, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया। साथ ही 16 वर्ष 7 माह के एक नाबालिग को भी पकड़ा है।

लूटपाट का मामला 30 अप्रैल को दर्ज हुआ था। सेक्टर-41 बुरैल निवासी संजय ठाकुर ने शिकायत दी थी कि 30 अप्रैल दोपहर करीब 1:10 बजे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 प्लॉट नंबर 29/4 पर ड्यूटी के दौरान दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए। एक ने चाकू दिखाकर धमकाया और दूसरे ने जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें 5320 रुपये, डेबिट कार्ड, फोटो और दस्तावेज थे। वारदात के बाद दोनों हेलमेट न पहने हुए मोटरसाइकिल सवार फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को सौरभ को गिरफ्तार कर उसके पास से काला पर्स, आईसीआईसीआइ्र बैंक का डेबिट कार्ड, 1000 रुपये और चाकू बरामद किया। नाबालिग से 1000 रुपये, शिकायतकर्ता का आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को बरामद किया है।

आरोपी सौरभ पर पहले से लूट चोरी शस्त्र अधिनियम सहित पांच मामले दर्ज हैं। अभी तक की जाँच में नाबालिग का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित