चंडीगढ़ , जून 17 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देसी कट्टे और दो कारतूस बरामद किये गये हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्थानीय बदमाशों और आपराधिक तत्वों को आवश्यकता पड़ने पर हथियार उपलब्ध कराते थे।

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) राजीव रंजन सिंह के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक जसपाल सिंह की निगरानी में ऑपरेशन सेल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे हैं और स्थानीय अपराधियों तक हथियार पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियास उर्फ अभिषेक (23), निवासी मौलीजागरां, चंडीगढ़ को फेज-2 स्थित बीएसएनएल मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना-31 में शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में अभियास ने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए, जो अवैध हथियार रखने और उनकी सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने विकास उर्फ बत्ती (20), निवासी डीएमसी कॉलोनी, चंडीगढ़ को सेक्टर-43 स्थित सीटीयू वर्कशॉप के पीछे टी-प्वाइंट से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

इसके बाद 15 जून को पुलिस ने तैयब उर्फ चेतन (20), निवासी मनीमाजरा को किशनगढ़ चौक के पास स्लिप रोड से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ था तथा इसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित