चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस लाइन सेक्टर-26 में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उपाधीक्षक दलबीर सिंह भिंडर सहित 23 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति की विदाई दी गयी। समारोह में भावुक पलों के साथ उत्साह का माहौल भी देखने को मिला। ढोल की थाप पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भांगड़ा कर अपने साथियों को यादगार विदाई दी।

समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके लंबे एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपाधीक्षक दलबीर सिंह भिंडर ने चंडीगढ़ पुलिस में 36 वर्ष, दो महीने और 26 दिन तक सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभायीं और विभाग में उल्लेखनीय योगदान दिया। विदाई समारोह में सहयोगियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान सारंगपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार, पुलिस स्टेशन-3 के प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार तथा सेक्टर-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदेश कुमार ने भी भांगड़ा कर समारोह की रौनक बढ़ायी। साथियों के आग्रह पर श्री भिंडर भी भांगड़े में शामिल हुए, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित