चंडीगढ़ , मई 01 -- चंडीगढ़ पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाये विशेष अभियान के तहतलूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस नेएक नाबालिग सहित दो लोगों को पकड़कर बाइक, चाकू, नकदी, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किये हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर के निर्देशों पर विशेष नगर पुलिस अधीक्षक के एम प्रियंका और एसडीओपी साउथ गुरजीत कौर की देखरेख में सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने सौरभ उर्फ काली पुत्र रघबीर सिंह, निवासी मकान नंबर 1259, फेज-2 रामदरबार, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया। साथ ही 16 वर्ष 7 माह के एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया।

मामला 30 अप्रैल को दर्ज हुआ था। सेक्टर-41 बुरैल निवासी संजय ठाकुर ने शिकायत दी थी कि 30 अप्रैल दोपहर करीब 1:10 बजे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 प्लॉट नंबर 29/4 पर ड्यूटी के दौरान दो अज्ञात युवक सिल्वर रंग की स्प्लेंडर बाइक पर आये। एक ने चाकू दिखाकर धमकाया और दूसरे ने जेब से काला पर्स निकाल लिया, जिसमें 5320 रुपये, डेबिट कार्ड, फोटो और दस्तावेज थे। वारदात के बाद दोनों हेलमेट न पहने हुए बाइक पर फरार हो गये।

जांच के दौरान पुलिस ने एक मई को सौरभ को गिरफ्तार कर उसके पास से काला पर्स, आईसीआईसीआई I बैंक का डेबिट कार्ड, 1000 रुपये और चाकू बरामद किया। नाबालिग से 1000 रुपये, शिकायतकर्ता का आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई।

आरोपी सौरभ पर पहले से लूट चोरी आर्म्स एक्ट सहित 5 मामले दर्ज हैं। अभी तक की जांच में नाबालिग का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित