चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), चंडीगढ़ के खेल प्रकोष्ठ ने 'चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026' के आयोजन की घोषणा की है। सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और खेल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रभजीत सिंह लांबा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 11 से 17 मई 2026 तक पंजाब विश्वविद्यालय में आयोजित होगी, जिसमें अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, टेबल टेनिस सहित कुल 11 खेल शामिल किये गये हैं। ट्रैक एंड फील्ड में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाएं भी होंगी।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है और अब तक 700 से अधिक खिलाड़ी आवेदन कर चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि नौ मई निर्धारित की गयी है।
इस मौके पर जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली चंडीगढ़ टीम को सम्मानित भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित