चंडीगढ़ , मई 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 मई को पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में आयोजित "चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026" का भव्य उद्घाटन करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंदर पल मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री को औपचारिक निमंत्रण देकर आयोजन की जानकारी साझा की।

श्री मल्होत्रा ने बताया कि यह खेल महोत्सव विशेष रूप से अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है।

राज्य में 25 मई से एक जून तक चलने वाले इस आयोजन में फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, रग्बी, नेटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, टेबल टेनिस और ट्रैक एंड फील्ड सहित 11 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाएं भी शामिल रहेंगी। प्रतियोगिताओं में 2000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

उद्घाटन समारोह 25 मई को शाम पांच बजे पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में आयोजित होगा।

इस अवसर पर खेल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रभजीत लाम्बा, प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, शक्ति प्रकाश देवशाली, मीनाक्षी ठाकुर और सरगुन अरोड़ा भी मौजूद रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित