चंडीगढ़ , अक्टूबर 29 -- चंडीगढ़ में अगले साल आयोजित होने वाला 55वां रोज फेस्टिवल खास होने जा रहा है। इस बार पर्यटकों को हेलीकॉप्टर राइड की सुविधा देने का प्रस्ताव है। नगर निगम सदन ने तीन दिवसीय फेस्टिवल के आयोजन के लिए 1.32 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है।

नगर निगम की पहली प्राथमिकता आयोजन के लिए प्रायोजक तलाशने की होगी। यदि प्रायोजक मिलते हैं तो उनके सहयोग से फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। प्रायोजक नहीं मिलने की स्थिति में निगम टेंडर के अनुसार अपने बजट से आयोजन करेगा।

नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सदन में बताया कि बजट मंजूर कराने का उद्देश्य टेंडर प्रक्रिया शुरू करना है। पिछले कई वर्षों से रोज फेस्टिवल का आयोजन प्रायोजकों और कंपनियों के सहयोग से किया जाता रहा है। एक बार आयोजन के बाद निगम को 11 लाख रुपये की बचत भी हुई थी। हालांकि, इस बार किसी कंपनी ने आयोजन में रुचि नहीं दिखाई, जिसके चलते निगम को अपने बजट से खर्च करने का प्रस्ताव लाना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित