चंडीगढ़ , अक्टूबर 03 -- चंडीगढ़ मे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार सुबह करीब पांच बजे रामदरबार स्थित मंडी में कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप से करीब 200 किलो पनीर जब्त किया। सूचना के आधार पर टीम ने पनीर की खेप लेकर जा रहे वाहन को रोककर जांच की। वाहन से बड़ी मात्रा में पनीर बरामद होने के बाद पूरी खेप कब्जे में लेकर कोल्ड स्टोरेज में रखवा दी गई।

विभाग ने बरामद पनीर का सैंपल जांच के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। फिलहाल पनीर मिलावटी या असुरक्षित होने की पुष्टि नहीं हुई है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी और रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड सेंटर और अन्य खाद्य कारोबारियों को पनीर, दूध व अन्य कच्ची खाद्य सामग्री केवल अधिकृत एवं भरोसेमंद सप्लायर से खरीदने के निर्देश दिए हैं। कारोबारियों को खरीद के बिल और रसीदें सुरक्षित रखने को कहा गया है।

विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पनीर आपूर्तिकर्ताओं के अलावा होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी अचानक जांच की जाएगी। लोगों से मिलावटी या असुरक्षित दूध-पनीर की सूचना खाद्य सुरक्षा कनेक्ट एप या हेल्पलाइन नंबर पर देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित