चंडीगढ़ , मई 21 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के कई नामी स्कूलों को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल की जरिये मिली है। जिनमें सेक्टर-40 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल चंडीगढ़, स्ट्रॉबेरी फील्डस हाई स्कूल और सेक्टर-25 स्थित चिटकारा इंटरनेशनल स्कूल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं।
ई-मेल में दावा किया गया कि आज अपराह्न एक बजे स्कूलों में धमाके किए जाएंगे। साथ ही 3:11 बजे हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय में विस्फोट करने और अंबाला से दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर शक्तिशीली विस्फोटक उपकरण (आईईडी) धमाकों की धमकी भी दी गई। मेल में "चंडीगढ़ खालिस्तान बनेगा" जैसी बातें लिखी गईं। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों को खाली करवाकर खोज अभियान चलाया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
ई-मेल में लिखा गया कि "खालिस्तान नेशनल आर्मी" की ओर से यह संदेश भेजा गया है। इसमें कहा गया कि "खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं हैं, अपने बच्चों को बचाओ।" साथ ही जून 1984 में दरबार साहिब पर हुए सैन्य अभियान का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात कही गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित