चंडीगढ़ , अगस्त 18 -- चंडीगढ़ पुलिस के निरीक्षक एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के थाना प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह के बेटे जुझार सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। चीन में आयोजित एशिया-ओशिनिया रिंक हॉकी क्लब चैंपियनशिप-2026 में जुझार ने स्वर्ण पदक जीतकर चंडीगढ़ और अपने परिवार का नाम रोशन किया। जुझार ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मॉर्डियलॉक रोलर हॉकी क्लब की ओर से प्रतियोगिता में खेले।

चैंपियनशिप के दौरान जुझार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए 11 गोल दागे। उनके बेहतरीन खेल की बदौलत मॉर्डियलॉक रोलर हॉकी क्लब ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। कई अहम मुकाबलों में जुझार ने गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जुझार इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए वह दो स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। रिंक हॉकी में लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

एशिया-ओशिनिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद जुझार के सामने अब एक और बड़ी चुनौती है। उनकी टीम ने आगामी विश्व क्लब चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह प्रतियोगिता स्पेन में आयोजित होगी, जहां जुझार अपने क्लब की ओर से खेलते नजर आएंगे। चीन में 11 गोल करने के बाद स्पेन में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित