चंडीगढ़ , मई 22 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित मेट्रो खेल दुकान में हुई बड़ी चोरी के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की नकदी और चोरी का सामान बरामद की है। आरोपियों ने दुकान का ताला और अंदर के ड्रॉवर तोड़कर कैश व दो मोबाइल फोन चोरी किए थे। मामले में पुलिस ने एफआईआर नंबर-56 दर्ज कर हाउस ट्रेसपासिंग और चोरी की धाराओं में जांच शुरू की थी।

पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर रामरतन सेक्टर 26 प्रभारी और इंस्पेक्टर चिरंजी लाल, जिला क्राइम सेल के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर दुकान के पूर्व कर्मचारी हैप्पी उर्फ बुरसेवक को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी विशाल और सोनू के साथ चिट्टा/स्मैक का सेवन करता था। उसने दोनों साथियों को दुकान में रखी नकदी की जानकारी दी थी। वारदात वाली रात विशाल और सोनू पहले सेक्टर-47 से एक बाइक चोरी कर लाए और फिर दुकान पहुंचकर कटर से मुख्य ताला तोड़ा। इसके बाद स्क्रूड्राइवर की मदद से दो ड्रॉवर तोड़कर नकदी चोरी कर ली।

शिकायतकर्ता ने करीब 35 लाख रुपये चोरी होने की बात कही थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। अब तक पुलिस ने आरोपी विशाल से 4 लाख रुपये और सोनू से 7.96 लाख रुपये बरामद किए हैं। चोरी हुए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदे गए मोबाइल, जूते और कपड़े भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बुरसेवक का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, हालांकि वर्ष 2023 में दुकान में हुए कुछ घटनाक्रमों के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। सोनू का भी कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया, जबकि विशाल के खिलाफ पहले चोरी का एक मामला दर्ज है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस को मामले में और भी बड़े खुलासे होने का अनुमान है।

डीएसपी पी. अभिनंदन ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी की पूरी रकम व अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित