चंडीगढ़ , नवंबर 09 -- चंडीगढ़ में दिवाली पर पटाखे जलाने के दौरान हुई लापरवाही के कारण कई लोग हादसों का शिकार हुए। पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में पटाखों से घायल सात मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें चार मरीजों के हाथ में पटाखे फटने से गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन मरीज कपड़ों में आग लगने से झुलस गए।

पीजीआई के अनुसार हाथ में पटाखा फटने से घायल चार मरीजों में से तीन की चोटें गंभीर थीं। उन्हें एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर (एटीसी) में ऑपरेशन की जरूरत पड़ी। डॉक्टरों ने तीनों मरीजों की सर्जरी की, जबकि चौथे मरीज का उपचार ड्रेसिंग के माध्यम से किया गया ।

वहीं, कपड़ों में आग लगने से झुलसे तीन मरीजों के शरीर का करीब 15 से 20 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है। इन सभी को पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की बर्न हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

उधर, दिवाली के दिन चंडीगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में कुल 1,450 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें जलने के 189, आंखों में चोट के 37 और सड़क हादसों के 47 मामले शामिल हैं। आंखों में चोट के एक मरीज को पीजीआई रेफर किया गया।

सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जलने के सबसे अधिक 87 मामले पहुंचे, जबकि आंखों में चोट के 29 मरीजों का भी उपचार किया गया।

डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि हाथ में पटाखा फटने से त्वचा, मांसपेशियों और अंदरूनी हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। कई मामलों में सर्जरी तक करनी पड़ती है। पटाखों से कपड़ों में आग लगने पर शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस सकता है। इसलिए पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना और विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित