चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- चंडीगढ़ के नागरिकों को संपत्ति संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए एस्टेट ऑफिस ने दो नई डिजिटल पहल शुरू की हैं।

पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रामदरबार स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित समाधान शिविर के दौरान 'ई-संपदा सीएचडी' मोबाइल ऐप और फेसलेस सेवा वितरण सुविधा का शुभारंभ किया।

उपायुक्त-सह-एस्टेट ऑफिसर निशांत कुमार यादव ने इन सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ई-संपदा सीएचडी ऐप के माध्यम से नागरिक मोबाइल फोन पर संपत्ति का विवरण देख सकेंगे। इसके अलावा पहले जमा किए गए आवेदन की स्थिति, संपत्ति पर बकाया राशि और ऑनलाइन शिकायत की स्थिति भी जांची जा सकेगी। इससे सामान्य कार्यों के लिए एस्टेट ऑफिस आने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐप फिलहाल एंड्रॉयड प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और जल्द ही आईओएस ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

फेसलेस सेवा वितरण सुविधा के तहत आवेदक बिना मुलाकात का समय लिए और एस्टेट ऑफिस आए बिना अपने आवेदन व जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। दस्तावेज संबंधित शाखा को डिजिटल माध्यम से भेजे जाएंगे और आवेदन से लेकर अंतिम निपटान तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसमें आवेदक और अधिकारी के बीच प्रत्यक्ष संपर्क की आवश्यकता नहीं होगी।

एस्टेट ऑफिस के अनुसार दोनों पहलें सेवाओं को अधिक पारदर्शी, कागजरहित और नागरिक-अनुकूल बनाने के साथ कार्यालय में लोगों की आवाजाही कम करने में मदद करेंगी। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित