जालंधर , अगस्त 29 -- जमहूरी किसान सभा पंजाब ने संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से किसानों की मांगों को लेकर एक सितंबर से चंडीगढ़ में लगाये जा रहे मोर्चे में सभा बड़ी संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया है।
जमहूरी किसान सभा के अध्यक्ष डॉ. सतनाम सिंह अजनाला की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से एक से सात सितंबर तक चंडीगढ़ में लगातार मोर्चा लगाया जा रहा है। इसमें भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने, भूजल और नदियों के पानी को प्रदूषित होने से रोकने, जल संरक्षण तथा पंजाब के पानी पर अधिकार बहाल करने, कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने और सड़क निर्माण तथा लैंड पूलिंग नीति के जरिए किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जे के विरोध समेत विभिन्न मांगें उठायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के संपूर्ण कर्ज माफ करने सहित अन्य मांगों को लेकर लगाये जा रहे इस मोर्चे में जमहूरी किसान सभा पंजाब भर से सक्रिय भागीदारी करेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए काम बांट दिये गये हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सभा के महासचिव कुलवंत सिंह संधू ने बताया कि जमहूरी किसान सभा पंजाब और पंजाब किसान यूनियन ने आपसी एकता का फैसला किया है। इस फैसले को अमल में लाने के लिए 20-21 सितंबर को जालंधर में देशस्तरीय एकता सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को किसानों की विशाल रैली होगी, जिसमें हजारों किसान शामिल होंगे। उसी शाम देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 750 प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर काम तेज कर दिया गया है। यह एकता किसानों की ताकत को और मजबूत करेगी।
प्रदेश प्रेस सचिव हरनेक सिंह गुज्जरवाल ने कहा कि एकता सम्मेलन को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और गांवों से भी भरपूर समर्थन मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित