चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत चंडीगढ़ जिला कांग्रेस कमेटियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर अगले सात दिनों तक प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव जुटाएंगे।

जगदीश ठाकोर ने कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रत्येक जिले के लिए कम से कम छह नाम कांग्रेस आलाकमान को भेजे जाएंगे। नए जिला अध्यक्षों की घोषणा इसी महीने किए जाने की संभावना है, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुछ मौजूदा जिला अध्यक्षों को बरकरार रखा जा सकता है।

उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, गैर-सरकारी संगठनों और संविधान तथा कानून के शासन में विश्वास रखने वाली संस्थाओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए इस संवाद प्रक्रिया में शामिल होने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित