चंडीगढ़ , मई 05 -- हरियाणा एवं पंजाब की संयुक्त राजधानी चंड़ीगढ़ के इंटरनेशनल हवाई अड्डे में इंडिगो की एक उडान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक में अचानक धमाका हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पावर बैंक एक हैंड बैग में रखा हुआ था, जिसमें अचानक स्पार्किंग के बाद धमाका हुआ। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

सुरक्षा के मद्देनज़र सभी यात्रियों को तुरंत विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार जनहानी नहीं हुई।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया और विमान की जांच की जा रही है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरे विमान और सामान की गहन तलाशी ली गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि ओवरहीटिंग या खराब गुणवत्ता के कारण इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित