चंडीगढ़ , अगस्त 25 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता योगेश ढींगरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चंडीगढ़ में लगातार भ्रष्टाचार और जनता को गुमराह करने के आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में शहर में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और पिछले 10 वर्षों के दौरान करीब 22 बड़े घोटाले सामने आये हैं।
श्री ढींगरा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान हाल ही में सामने आये कथित 500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले में ठोस कार्रवाई करने के बजाय भाजपा केवल दिखावे के लिए 'भ्रष्टाचार कमेटी' बनाने की बात कर रही है। उन्होंने स्मार्टसिटी परियोजना में 116 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का भी आरोप लगाया और कहा कि इसका अपेक्षित लाभ शहरवासियों को नहीं मिला।
उन्होंने मनीमाजरा प्रोजेक्ट को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के कई हिस्सों में आज भी लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने नगर निगम चुनावों में कथित खरीद-फरोख्त और भाजपा शासन के दौरान हुई भर्तियों में अनियमितताओं के भी आरोप लगाये। आप नेता ने मांग की कि जनता के धन से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करायी जाये और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित