लंदन , अगस्त 09 -- ऋचा घोष, स्मृति मंधाना और मैडी विलियर्स के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सदर्न ब्रेव पर 27 रनों की बड़ी जीत दर्ज की और प्ले ऑफ में क्वलिफाई करने की अपनी संभावनाओं को और मजबूत किया। टर्न लेती पिच पर सुपर जायंट्स ने 139 रन तक पहुंचकर एक अच्छा स्कोर खड़ा किया। मंधाना ने 46 रन बनाए और घोष के साथ पारी को मजबूती दी। बल्लेबाजी क्रम में नंबर तीन पर भेजी गईं घोष ने इस सीजन अपना पहला अर्धशतक लगाया। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने मिलकर टीम के 139 रनों में से 100 रन बनाए। वहीं, सदर्न ब्रेव की गेंदबाजों में इसी वॉन्ग सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 24 रन देकर दो विकेट लिए और दोनों भारतीय खिलाड़ियों को तीन गेंदों के अंतराल में आउट किया। इस जीत के साथ सुपर जायंट्स मंगलवार को सनराइजर्स लीड्स के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में उतरेंगे और एक जीत के साथ ही उनकी जगह एलिमिनेटर में होगी। वहीं घरेलू मैदान पर पहली हार के बाद सदर्न ब्रेव को अपनी जगह पक्की करने के लिए सोमवार को ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी।

सुपर जायंट्स द्वारा दिए गए 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सदर्न ब्रेव को उनके सलामी बल्लेबाजों लिजेल ली और माया बूशेर ने पावरप्ले में 36 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दी। लेकिन दोनों के आउट होने से मैच का रुख तुरंत बदल गया। ली को विलियर्स ने बाउंड्री पर शानदार कैच लेकर आउट किया, जबकि बूशेर नॉन-स्ट्राइकर छोर पर रन आउट हो गईं। इसके बाद मेहमान टीम ने दबाव बनाना शुरू कर दिया।

सोफी एकल्स्टन, बेक्स टायसन और विलियर्स ने बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए सदर्न ब्रेव के बल्लेबाजों को बांधे रखा। विलियर्स ने टर्न और चालाकी के साथ गेंदबाज़ी करते हुए सोफी मोलिन्यू को स्टंप आउट किया और फिर 28 गेंदों पर 36 रन बनाने वाली लॉरा वुलफ़ार्ट का अहम विकेट भी लिया। इसके बाद चार्ली नॉट ने 45वीं गेंद पर ग्रेस बॉलिंजर को कैच थमा दिया, जिससे विलियर्स को तीसरा विकेट मिला। उन्होंने अपने पूरे कोटे के स्पेल में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। मैदान पर सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इतना शानदार रहा कि सदर्न ब्रेव की टीम आखिरी 36 गेंदों में एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित