बेतिया , जून 01 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में पुलिस ने दो घोड़ों पर लादकर ले जाई जा रही 86 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रजनीशकांत प्रियदर्शी ने सोमवार को बताया कि सूचना मिली थी कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र में कुछ लोग घोड़ों के माध्यम से विदेशी शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने बनहौरा नहर के समीप घेराबंदी कर अभियान चलाया।उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्र यादव के रूप में की गई है। वह जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मड़ुवाहा गांव का निवासी है।पुलिस ने तलाशी के दौरान दो घोड़ों पर लदी कुल 86 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब के साथ दोनों घोड़ों को भी जब्त कर लिया गया है।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित