रांची , अप्रैल 15 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी राज्य में घोटाले को लेकर सरकार को घेरा है।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में जहां भी हाथ डालिए, वहीं एक नया घोटाला उजागर हो रहा है। जनता त्राहिमाम कर रही है, जबकि हेमन्त सरकार पर राज्य को खोखला करने में लगी हुई है। प्रत्यक्ष रूप से पत्थर, कोयला, बालू, लौह अयस्क की लूट तो दिखाई दे रही है, लेकिन परोक्ष रूप से भी लूट जारी है।

श्री मरांडी ने कहा कि रांची में पशुपालन विभाग के दो कर्मचारियों द्वारा करीब Rs.2.94 करोड़ की अवैध निकासी किए जाने का खुलासा हुआ है। इसी प्रकार बोकारो, हजारीबाग और अन्य जिलों में भी कोषागार से करोड़ों की अवैध निकासी हुई है। यह खेल कई वर्षो से अनवरत चलता आ रहा है।

उच्चाधिकारियों की संलिप्तता के बगैर इतना बड़ा घोटाला संभव नहीं है।

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सभी विभागों का व्यापक ऑडिट कराएं तथा कोषागार से हुई निकासी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित