देहरादून , सितम्बर 02 -- हरिद्वार जिले में बहुचर्चित भूमि घोटाले की प्रथम दृष्टया जांच में आरोपी तत्कालीन जिला अधिकारी दीपेन्द्र चौधरी को बुधवार के लिए उत्तराखण्ड सेवा का अधिकार आयोग में आयुक्त पद के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने पद की शपथ दिलाई।

मुख्य सचिव ने श्री चौधरी को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

श्री चौधरी ने शपथ ग्रहण के पश्चात कहा कि वे आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को और प्रभावी बनाने के लिए कार्य करेंगे।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित