पटना, फरवरी 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने बुधवार को कहा कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जायेगा।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि अब घुसपैठियों की खैर नहीं है। एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकाला जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में सीमा की पहरेदारी सख्त करेगी और सुनिश्चित करेगी कि कोई घुसपैठिया भारत की जमीन पर पैर रखने का दुस्साहस नहीं करे।

श्री मिश्र ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय यात्रा पर बिहार आये हैं। इस दौरान वह नेपाल सीमा से सटे चयनित वाइब्रेंट विलेज गांवों का दौरा करेंगे तथा सीमा पर सुरक्षा बलों की तैनाती का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में देश की सीमा पूरी तरह सुरक्षित है। देश की सुरक्षा को लेकर सरकार सजग और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं और अवैध रूप से भारत की सीमा में घुसने की बात कोई सोच भी नहीं सकता।

भाजपा नेता श्री मिश्र ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सीमा को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा के जरिए अवैध रूप से नशे का कारोबार होता है। पड़ोसी देशों से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए भी रणनीति बनायी जायेगी। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री श्री शाह के बिहार आगमन से जनता को बहुत उम्मीदें है। लोग उन पर भरोसा करते है और मोदी सरकार के रहते देश का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित