उज्जैन , मई 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले की टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए घायल श्रमिकों का हाल जानने उज्जैन-देवास रोड स्थित अमलतास अस्पताल पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल रात दिल्ली से इंदौर पहुंचे और वहां से सीधे अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल हुए श्रमिकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने घायलों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है और प्रत्येक पीड़ित को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में मृत श्रमिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी भी प्रकार के अवैध संचालन की गहन जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर, रायसिंह सैंधव, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तथा घायलों के उपचार के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित