रांची , नवम्बर 03 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विकास पर ध्यान नहीं दिया है और आदिवासी-मूलवासी को ठगने का काम किया है।
आजसू पार्टी के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो ने आज यह बातें कही। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव दिखा रहा है। एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन इस क्षेत्र का विकास करेंगे।
श्री महतो ने आज घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के ढालभूमगढ़ तथा मुसाबनी प्रखंड के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने माटीगोड़ा, बांसकटिया आदि ग्राम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि घाटशिला में बदलाव की हवा चल रही है।
श्री महतो ने कहा कि घाटशिला में सड़क नहीं, पानी नहीं, डाक्टर नहीं, विकास के नाम पर झामुमो ने सिर्फ वादों की गठरी दी। दुखद है कि वर्षों से यहाँ की जनता बदहाली का दंश झेल रही है। अब जनता आवाज़ उठाने लगी है।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस और केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने घाटशिला विधानसभा के कालाचिति पंचायत में प्रचार अभियान चलाया। श्री सहिस ने घाटशिला में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में बांसगढ़ा की जनता से सहयोग और समर्थन की अपील की। उन्होंने कालाचिति पंचायत के बाँसगढ़ा और माझीटोला में ग्रामीणों के साथ बैठक भी की।
इस अवसर पर सत्यनारायण महतो, राजेश महतो, राजू कर्मकार, सुखलाल हेंब्रम, प्रमुख रामदेव हेंब्रम, मुखिया राकेश मुर्मू, बनबिहारी महतो, ओमियो महतो, मानु महतो एवं संतोष महतो के अलावा अन्य आजसू कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित