बांसवाड़ा , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्र प्रचारक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक निंबाराम ने कहा है कि घर से बदलाव शुरू होगा, तभी समाज, राज्य और देश में परिवर्तन आएगा।

श्री निंबाराम रविवार को बांसवाडा में गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय एवं विश्व संवाद केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय साहित्य, संवाद और कला उत्सव माही टॉक फेस्ट 4.0 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जो समाज समय, काल और परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालता है, वही निरंतर विकास करता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ युगानुकूल परिवर्तन में विश्वास करता है और उसी मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

श्री निंबाराम ने वागड़ अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, माही नदी, बेणेश्वर धाम और मानगढ़ धाम के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महात्म्य का उल्लेख करते हुए इस अंचल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और माही टॉक फेस्ट जैसे आयोजनों को प्रेरणादायक बताया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रो. केशव सिंह ठाकुर ने कहा कि माही टॉक फेस्ट जैसे आयोजन युवाओं में वैचारिक चेतना, सांस्कृतिक आत्मबोध और राष्ट्रबोध को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

समारोह के आरंभ में विश्व संवाद केंद्र के मेंटर मदनमोहन टांक ने स्वागत उद्बोधन दिया जबकि फेस्ट के समन्वयक डॉ. कमलेश शर्मा ने तीन दिवसीय आयोजन का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समापन अवसर पर फेस्ट के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं सहयोगियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित