भरतपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र में तसीमो गांव में मंगलवार को घर से लापता हुए एक किशोर का शव देर रात मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतक किशोर की पहचान सौरव (16) पुत्र भूरा के रूप में हुई है। किशोर के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि सौरव अपराह्न अचानक घर से लापता हो गया। उसके के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें मकान से थोड़ी दूर एक निर्माणाधीन चार दीवारी के पास उसका शव मिला। उसका मोबाइल फोन घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक खेत में पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित