मधेपुरा, अक्टूबर 01 -- जिले के चौसा थाना क्षेत्र के रसलपुर धूरिया पंचायत स्थित मेहता टोली में बुधवार देर रात अपराधियों ने घर लौट रहे एक टेंट कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।

अपराधियों ने टेंटकर्मी पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं, जिनमें दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उपचार के लिए सहरसा ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान स्वर्गीय कमलेश्वरी मेहता के 40 वर्षीय पुत्र बबलू मेहता के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि उनके पति शंभू कुमार के यहां टेंट कर्मी के रूप में काम करते थे। बुधवार रात करीब 11 बजे काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से महज 100 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। दो गोलियां लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित