पटना , जुलाई 17 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद की है।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को जुलाई को मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर अज्ञात अपराधियों द्वारा सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर लेने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.970 ग्राम सोने जैसी चेन, 44 ग्राम चांदी का हार (लॉकेट सहित), 195 ग्राम चांदी की एक जोड़ी पायल, 29 ग्राम चांदी की दूसरी जोड़ी पायल तथा 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित