हरिद्वार , मई, 06 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बुधवार को घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, तीन मई को चावमंडी निवासी एक महिला ने कोतवाली गंगनहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से वाशिंग मशीन, गैस चूल्हा और चांदी की पाजेब चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर की।

मामले के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गंगनहर ने पुलिस टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस टीम ने नहर पटरी रोड स्थित अंग्रेजों के कब्रिस्तान के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी लगायी गयी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम गौरव पुत्र प्रकाश सिंह और अनुज पुत्र अमर सिंह,निवासी चावमंडी, कोतवाली गंगनहर रुड़की है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वाशिंग मशीन, एक गैस चूल्हा, एक जोड़ी पाजेब तथा सफेद धातु की एक चैन बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित