देहरादून , जून 16 -- उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम एवं चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त (डीईसी) संजय कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में गणना फार्म वितरण एवं डिजिटाइज करने सम्बंधी उच्च स्तरीय समीक्षा की।

बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि सभी जनपद फार्म वितरण का शत प्रतिशत तय समय सीमा में करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में फार्म वितरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, वे जिला फार्म डिजिटाईजेशन पर ध्यान दें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्वयं बूथवार समीक्षा करें। जिन बूथों पर वितरण और डिजिटाईजेशन की प्रगति धीमी है उन स्थानों पर अतरिक्त कार्मिकों को हेल्पिंग हेंड के रुप में लगाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि घर पर अनुस्पस्थित मतदाताओं के घर बूथ स्तर एजेंट (बीएलए) और बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) साथ-साथ जाएं और अनिवार्य रुप से तीन विजिट करें।

चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में फार्म वितरण का कार्य पूर्ण हो चुका है और वहां मतदाता उपस्थित नहीं हैं, तो डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण करने के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची बीएलओ सम्बंधित बूथ लेवल एजेंट्स से भी साझा कर लें। जिन स्थानों पर एबसेंट,शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट वोटर हैं उनके गणना फार्म पर बीएलओ फील्ड रिपोर्ट दर्ज करें।

बैठक में अपर मुख्य चुनाव अधिकारी डाॅ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और ईआरओ मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित