जालंधर , अप्रैल 02 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एक घर के अंदर दबा हुआ शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक ओंकार सिंह बराड़ ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को शाहकोट निवासी अमनप्रीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके चाचा अमरजीत सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष), जो पिछले 20 वर्षों से गुरदेव सिंह के साथ काम कर रहे थे, नवंबर 2025 से घर नहीं लौटे थे। शक के आधार पर थाना सदर नकोदर में आरोपी गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और 238 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

श्री बराड़ ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 13 नवंबर 2025 को अमरजीत सिंह की हत्या कर दी थी और शव को ठिकाने लगाने के इरादे से अपने घर में बाथरूम के पास लगभग 5-6 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को प्लास्टिक की बोरी में दबा दिया था। आज, ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री पवनदीप सिंह की उपस्थिति में पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर गांव गंधरा स्थित उसके आवास पर खुदाई की और अमरजीत सिंह का शव बरामद किया। इस दौरान गांव गंधरा और मल्सियां पट्टी अकालपुर की पंचायतें भी मौके पर मौजूद थीं।

पुलिस ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किया जाएगा और मृतक के डीएनए नमूने भी एकत्र किए जाएंगे। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर गहन जांच के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित