ग्रेटर नोएडा , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बीटा-दो थाना पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी, कि बीटा-दो थाना पुलिस टीम ने एनएसजी गोल चक्कर/एटीएस सोसाइटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टेकराम पुत्र बलेराम, पवन कुमार पुत्र नाहर सिंह और अनिल भाटी पुत्र बिजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। साथ ही गिरोह से जुड़े दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म के चोर हैं। ये अलग-अलग गिरोह बनाकर पहले कॉलोनियों और मकानों की रेकी करते थे। जिन घरों में लोग बाहर गए होते या मकान बंद मिलता, उन्हें निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कुछ समय पहले थाना दादरी क्षेत्र के दो बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा बीटा-दो थाना क्षेत्र में भी दो बंद मकानों में हुई चोरियों में इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस इनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित