लखनऊ , मार्च 09 -- लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजेहटा गांव में सोमवार को घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने पिता की डंडे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की तरफ से आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार करीब 11:30 बजे ग्राम खुजेहटा के ग्राम प्रधान शंकर यादव ने थाना मोहनलालगंज को सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत (45) की उसके बेटे लव कुश (17) ने सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि रामकरन रावत का शव घर के बाहर पड़ा था और आसपास परिवार के सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान लव कुश ने अपने पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) सहित थाना मोहनलालगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित