प्रयागराज , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के ठठेरी बाजार क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति ने दो मासूम बच्चों के सामने अपनी 30 वर्षीय पत्नी पर चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस ने तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी पति स्वयं थाने पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व कौशांबी जिले के कड़ा धाम निवासी शशि गुप्ता (30) से हुआ था। शशि हंडिया क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर संचालित करती थीं, जबकि अभिषेक चौक क्षेत्र में हुक्का फ्लेवर का कारोबार करता है। दंपति के दो बच्चे 10 वर्षीय अंश और आठ वर्षीय लाडो हैं।

घायल महिला के भाई रवि मोदनवल ने बताया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उनके भांजे अंश ने फोन कर बताया कि उसके पिता उसकी मां को बुरी तरह पीट रहे हैं और तत्काल आने को कहा। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि अभिषेक ने चाकू से शशि के गले पर वार कर दिया है।

बच्चों के अनुसार, माता-पिता के बीच विवाद के दौरान अभिषेक ने घर में रखा चाकू उठाकर शशि के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शशि लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गईं। महिला की चीख-पुकार और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी घटनास्थल से निकलकर सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एसआरएन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सहायक पुलिस उपायुक्त (कोतवाली) रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हमले की बात सामने आई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित