दुर्ग , मई 12 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रुआबांधा एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार की है, जब दो सगे भाइयों के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी मनोज यादव ने घर में रखे रापा से अपने बड़े भाई अशोक यादव के सिर और कनपटी पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को पहले जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अशोक ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मृत्यु के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित