बैतूल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की कथित रूप से उसके पति द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम बेलठाना में शनिवार शाम ये घटना हुई। मृतका की पहचान 37 वर्षीय मालो बाई के रूप में हुई है। आरोपी पति राजू धोटे घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय मालो अपने घर पर थी। इसी दौरान उसका पति राजू धोटे शराब के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान राजू ने डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मालो को तत्काल जिला अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार विवाद चल रहा था। मृतका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजन को सौंप दिया गया। भैंसदेही पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित