कपूरथला , जुलाई 14 -- पंजाब में कपूरथला जिले के गांव मल्लू कादराबाद में कथित घरेलू विवाद के कारण एक प्रवासी महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जहरीला कीटनाशक निगल लिया। इस दर्दनाक घटना में एक मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि महिला और उसके दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मल्लू कादराबाद गांव निवासी लवकुश कुमार ने बताया कि वह देर रात खेतों में काम करने के बाद घर लौटा तो उसकी पत्नी संतोष देवी उल्टियां कर रही थी। पास में कीटनाशक की बोतल पड़ी थी, जबकि तीनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद उसने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी को सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया। पीड़ितों में संतोष देवी, उसकी आठ वर्षीय बेटी अमृता, छह वर्षीय बेटी खुशी और दो वर्षीय बेटा शामिल थे। सभी को अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर डॉ. करणप्रीत सिंह की देखरेख में उपचार शुरू किया गया।

इलाज के दौरान दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी। वहीं, संतोष देवी तथा उसकी दोनों बेटियों की हालत बिगड़ने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज, अमृतसर रेफर कर दिया गया। तीनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी (एसएचओ) रणजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला और बच्चों द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के पीछे वास्तविक कारण क्या था। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित