बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम कामथ में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम कामथ निवासी एक महिला ने डायल-112 पर फोन कर अपने पति के साथ चल रहे विवाद की सूचना दी थी। शिकायत मिलने पर डायल-112 में पदस्थ आरक्षक सत्येंद्र पाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया।

बताया गया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस टीम वहां से लौट गई, लेकिन कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर बढ़ गया। स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना पर पुलिस टीम को दोबारा गांव पहुंचना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार दूसरी बार पहुंची पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस दल पर पथराव किया और इस दौरान आरक्षक सत्येंद्र पाल के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मुलताई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर एक युवक के विरुद्ध उसके परिजनों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो और पुलिस टीम के साथ हुई कथित अभद्रता के संबंध में भी तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित