नयी दिल्ली , मार्च 11 -- घरेलू विमान सेवा कंपनियां पश्चिम एशिया के लिए गुरुवार को 100 से ज्यादा उड़ानों का परिचालन करेगी।

टाटा समूह की एयर इंडिया और उसकी सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुल 58 उड़ानों की योजना बनायी है। इंडिगो ने बुधवार को कहा कि वह गुरुवार को कुल 41 उड़ानों का परिचालन करेगी। नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने भी गुरुवार को जेद्दा के लिए पांच भारतीय शहरों से उड़ानों के परिचालन की सूचना दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर 18 नियमित उड़ानों और 40 विशेष उड़ानों का परिचालन करेंगी। नियमित उड़ानों में 10 सऊदी अरब के जेद्दा के लिए और आठ ओमान के मस्कट के लिए होंगी।

सऊदी अरब की राजधानी रियाद से मुंबई और कोझीकोड के लिए भी 12 मार्च से एयर इंडिया द्वारा उड़ानों का परिचालन किया जायेगा। विशेष उड़ानों में जेद्दा से दिल्ली और मुंबई की उड़ानें भी शामिल हैं।

इंडिगो ने बताया कि वह यूरोप और पश्चिम एशिया में कुल नौ शहरों के लिए उड़ानों का परिचालन करेगी। यूरोप के लिए लंदन हीथ्रो और एम्सटर्डम हवाई अड्डों से कुल पांच उड़ानों की आवाजाही सुनिश्चित की गयी है। पश्चिम एशिया में मदीना, जेद्दा, मस्कट, अबू धाबी, शारजाह, दुबई, रस-अल-खैमा और फुजैरा के लिए उड़ानों की योजना बनायी गयी है।

अकासा ने बताया है कि वह जेद्दा से अहमदाबाद, कोच्चि, कोझीकोड, मुंबई और बेंगलुरु के लिए 31 मार्च तक उड़ान भरेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित