धार , जून 26 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिंजराया में घरेलू प्रताड़ना से परेशान एक महिला द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके पति, कथित दूसरी पत्नी, सास तथा एक अन्य महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका आशा बाई ने तीन जून को अपने मायके में गेहूं में रखी जाने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार जून को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जांच में सामने आया कि मृतका के पति कृष्णा चौहान ने कथित रूप से पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी महिला से संबंध बना लिए थे। इसके बाद पति, कथित दूसरी पत्नी, सास और एक अन्य महिला द्वारा मृतका को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप हैं।
पुलिस ने बताया कि जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उसने प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। उपचार के दौरान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में भी महिला ने पति और अन्य लोगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
सादलपुर थाना पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर पति कृष्णा चौहान, सज्जा बाई, रेखाबाई तथा कौशल्या बाई के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित